NEET रिजल्ट पर बड़ा बवाल: 522 से 95 हुए अंक, छात्र पहुंचा हाई कोर्ट
महाराष्ट्र के बीड जिले के एक छात्र सोहम गावटे ने अपने NEET 2026 रिजल्ट में अंकों के भारी अंतर को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है। सोहम गावटे का कहना है कि उसकी आधिकारिक अंक तालिका में अंक दिखाए गए हैं, वे उसे वास्तव में मिले अंकों से बिल्कुल मेल नहीं खाते। उसने यह गड़बड़ 16 जुलाई को NEET का रिजल्ट आने के तुरंत बाद ही पकड़ ली थी।
सोहम ने लगाए गंभीर आरोप
सोहम का दावा है कि उसकी OMR शीट और उत्तर कुंजी को जांचने पर उसे 522 अंक मिलने चाहिए थे, लेकिन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के ऑफिशियल स्कोरकार्ड पर सिर्फ 95 अंक ही दिखाए गए हैं। उसके वकील ने बताया कि सोहम ने NTA से ईमेल और फोन कॉल के माध्यम से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। NTA की तरफ से उसे सिर्फ एक जवाब मिला था, जिसमें 16 घंटे में सब ठीक करने का भरोसा दिया गया था, लेकिन वह भरोसा भी पूरा नहीं हुआ। अब तक NTA की तरफ से कोई साफ जवाब न मिलने के कारण, सोहम की याचिका पर बॉम्बे हाई कोर्ट में 23 जुलाई को सुनवाई होना तय है।