Page Loader
आंध्र प्रदेश: केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से 6 लोगों की मौत, 13 घायल
आंध्र प्रदेश: केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से 6 लोगों की मौत, 13 घायल

आंध्र प्रदेश: केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से 6 लोगों की मौत, 13 घायल

Apr 14, 2022
09:05 am

क्या है खबर?

आंध्र प्रदेश के इलुरू जिले में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने नाइट्रिक एसिड के लीक होने को आग का कारण बताया है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये के मुआवजे, गंभीर रूप से चोटिल लोगों के 5-5 लाख रुपये और मामूली चोटें आने वाले लोगों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।

हादसा

गैस लीक के बाद हुए धमाके से लगी आग

इंडिया टुडे के अनुसार, हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 30 लोग काम कर रहे थे। बुधवार रात लगभग 11:30 बजे लैबोरेट्री में गैस लीक होने के कारण जोरदार धमाका हुआ और प्लांट की चौथी यूनिट में आग लग गई। घटना की जानकारी मिलने पर दमकल और पुलिस विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। करीब दो घंटों की मशक्कत के बाद आग की लपटों पर काबू पाया जा सका।

जानकारी

मृतकों में से चार बिहार निवासी

NDTV के अनुसार, मृतकों की पहचान यू कृष्णैया, बी किरन कुमार, कारू रविदास, मनोज कुमार, सुवास रविदास और हबदस रवि दास के तौर पर हुई है। ये सभी लोग आग लगने के समय फैक्ट्री में काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मृतकों में चार बिहार के रहने वाले हैं। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

जांच

मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को हादसे की जांच आदेश जारी कर दिए हैं। साथ ही घायलों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराने को कहा गया है। जानकारी के मुताबिक, राहत और बचाव दलों ने घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल और नुजविड टाउन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए विजयवाड़ा शिफ्ट किया गया है।

ट्विटर पोस्ट

दो घंटे बाद पाया गया आग पर काबू

पुरानी घटना

हैदराबाद में आग में जलकर हुई थी 11 मजदूरों की मौत

पिछले महीने हैदराबाद में कबाड़ के एक गोदाम में आग लगने से 11 लोगों की मौत हो गई। मरने वाले सभी लोग गोदाम में काम करते थे। पुलिस के अनुसार, जिस समय आग लगी, गोदाम की पहली मंजिल पर 12 मजदूर सो रहे थे। एक मरीज कड़ी मशक्कत के बाद वहां से सुरक्षित निकलने में कामयाब रहा। आग भूतल में लगी, जहां कबाड़ रखा हुआ था। धीरे-धीरे यह पहली मंजिल तक पहुंच गई जहां मजदूर सो रहे थे।