SIA की बड़ी कामयाबी: आतंकी कंदू के खिलाफ जारी हुआ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस
बड़ी खबर यह है कि राज्य जांच एजेंसी (SIA) कश्मीर ने हिजबुल मुजाहिदीन कमांडर इम्तियाज अहमद कंदू के खिलाफ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया है। यह नोटिस साल 2013 के ह्यगम आतंकी हमले से जुड़ा है, जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस के 4 अधिकारी शहीद हो गए थे। इस नोटिस के बाद दुनिया भर की जांच एजेंसियां कंदू को ढूंढने और भारत लाकर उस पर मुकदमा चलाने में सहयोग कर पाएंगी।
इम्तियाज कंदू पाकिस्तान में छिपा हुआ माना जा रहा
साल 2013 में सोपोर के पीर मोहल्ला में पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ था। बंदूकधारियों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग की थी, जिसमें 4 अधिकारी शहीद हो गए थे। इस मामले को 2024 में आगे की गहन जांच के लिए SIA को सौंपा गया।
जांच के बाद 6 संदिग्धों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है। इस मामले में कुछ आरोपी पहले ही जेल में हैं या मुठभेड़ में ढेर किए जा चुके हैं, वहीं कंदू हमले के बाद से ही गायब है और माना जा रहा है कि वह पाकिस्तान में छिपा हुआ है। उस पर 10 से ज्यादा अन्य मामलों में भी शामिल होने का आरोप है, जिनमें टारगेटेड किलिंग और हथियारों की तस्करी शामिल है।