राम मंदिर में 40 दिनों में 70 बार हुई थी दान की चोरी, आरोपी ने किया खुलासा
अयोध्या के राम मंदिर में 40 दिनों में ही 70 बार दान की चोरी हुई थी और ये सभी वारदातें शाम को दान की गिनती के समय ही हुई थी। पुलिस ने इस मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अविनाश शुक्ला को ज्यादातर घटनाओं का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
राम मंदिर ट्रस्ट ने गिनती के घंटों में सख्ती की
मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद ट्रस्ट ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए दान की गिनती का समय घटाकर सिर्फ एक पाली (सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक) कर दिया है। इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम बनाई गई, जिसने 8 लोगों को हिरासत में लिया। जांच के दौरान टीम को कर्मचारियों की पड़ताल और CCTV कैमरों की निगरानी में कई खामियां मिलीं। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब पिछले 5 सालों के दान का ऑडिट किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की हेराफेरी को रोका जा सके।