कश्मीर में 21 दिन बाद खुले स्कूल, मंडरा रहा भारी बारिश और बाढ़ का साया
कश्मीर में 21 दिनों की गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल फिर से खुल गए हैं। दरअसल, भारी बारिश के कारण 4 दिन और छुट्टियां बढ़ गई थीं, लेकिन अब आखिरकार सोमवार को छात्र अपनी कक्षाओं में लौट आए। मौसम शांत होने के बाद शिक्षकों ने भी बिना देर किए पढ़ाई शुरू कर दी ताकि छूटे हुए दिनों की भरपाई हो सके। श्रीनगर की एक शिक्षिका इरफाना रसूल ने बताया कि कक्षाएं पूरी तरह भरी हुई थीं और शिक्षकों ने तुरंत पढ़ाने का काम शुरू कर दिया था।
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी
हालांकि, मौसम अभी पूरी तरह से शांत नहीं हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कश्मीर में 28 से 31 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है, खासकर सुबह और शाम के समय। वहीं, जम्मू में 30 और 31 जुलाई को इससे भी भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तो अचानक बाढ या भूस्खलन की चेतावनी भी जारी की गई है। ऐसे में सलाह दी गई है कि लोग अपने छाते साथ रखें और सुरक्षित रहें।