थलापति विजय की सरकार में एस कीर्तना ने रचा इतिहास, बनीं तमिलनाडु की सबसे युवा महिला मंत्री
एस कीर्तना 29 साल की उम्र में तमिलनाडु कैबिनेट की सबसे कम उम्र की और इकलौती महिला सदस्य बन गई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय की थलापति सरकार में ग्रामीण उद्योग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री के रूप में शपथ ली है। कीर्तना ने शिवकाशी सीट से 11,670 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही वे पिछले 70 सालों में इस क्षेत्र से पहली महिला विधायक बनी हैं।
बहुभाषी राजनीतिक सलाहकार रही हैं कीर्तना
कीर्तना का जन्म विरुधुनगर में हुआ था। उन्होंने तमिल-माध्यम के सरकारी स्कूल में शुरुआती पढ़ाई की और फिर गणित व सांख्यिकी में डिग्री हासिल की। उन्होंने राजनीतिक सलाहकार और डिजिटल अभियान रणनीतिकार के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने DMK, TMC और TDP जैसी कई पार्टियों के साथ काम किया। चार भाषाओं की अच्छी जानकारी रखने वाली कीर्तना का यह सफर राज्य की राजनीति में युवा नेताओं की एक नई पहचान बन रहा है।