LOADING...
काठमांडू के हवाई अड्डे पर उतरते समय तुर्की एयरलाइंस के पहिये में लगी आग, हादसा टला
काठमांडू के हवाई अड्डे पर उतरते समय तुर्की एयरलाइंस के पहिये में लगी आग (प्रतीकात्मक तस्वीर)

काठमांडू के हवाई अड्डे पर उतरते समय तुर्की एयरलाइंस के पहिये में लगी आग, हादसा टला

लेखन गजेंद्र
May 11, 2026
10:41 am

क्या है खबर?

नेपाल की राजधानी काठमांडू में स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां सुबह साढ़े 6 बजे इस्तांबुल से काठमांडू पहुंची तुर्की एयरलाइंस के विमान के पहिये में हवाई अड्डे पर उतरते समय आग लग गई, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा उपाय लागू किए गए। मौके पर तैनात दमकल कर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया। इस दौरान हवाई अड्डे को डेढ़ घंटे के लिए बंद करना पड़ा।

हादसा

कैसे हुआ हादसा?

काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, हवाई अड्डे पर उतरते समय उड़ान TK726 के दाहिने मुख्य लैंडिंग गियर में आग लगी थी। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सहायक प्रवक्ता ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि इस दौरान हवाई अड्डा सुबह 8:12 बजे तक बंद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि यात्रियों को निकासी स्लाइड से निकाला गया, जिसमें 2 यात्रियों को मामूली चोटें आईं हैं। कठोर लैंडिंग, टायर दबाव और अन्य तकनीकी समस्या को कारण बताया जा है। हालांकि, जांच जारी है।

हादसा

विमान में सवार थे 288 लोग

रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के समय विमान में चालक दल के 11 सदस्यों समेत कुल 288 लोग सवार थे। पहिये में आग के बाद विमान का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा रनवे और शेष 70 प्रतिशत टैक्सीवे पर था, जिसके कारण सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोकनी पड़ीं। इनमें दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-215 और शारजाह से आने वाली एयर अरबिया की फ्लाइट G9 536 शामिल थीं। तकनीकी जांच जारी रहने तक तुर्की विमान उड़ान नहीं भरेगा।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

घटना का वीडियो

Advertisement