कोलकाता में दर्दनाक हादसा: 5 श्रमिकों की मौत, मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार को घेरा
कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन एक गोदाम की छत अचानक ढह गई, जिससे 5 श्रमिकों की जान चली गई। यह इमारत एक चाय कंपनी की थी। हादसा उस समय हुआ, जब मजदूर लोहे के बीम लगाने के साथ-साथ कंक्रीट डालने का काम कर रहे थे। भारतीय सेना और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें तुरंत बचाव के लिए मौके पर पहुंच गईं, लेकिन दुर्भाग्यवश, सभी पांचों श्रमिकों को बचाया नहीं जा सका।
जांच टीम मामले की पड़ताल कर रही, 2 गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना के लिए पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर उंगली उठाई है। उनका आरोप है कि पिछली सरकार ने इसी साल की शुरुआत में एक ऐसे ढांचागत डिजाइन को मंजूरी दी थी, जिसमें गंभीर खामियां थीं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि 31 जुलाई तक ऐसे सभी निर्माण प्रोजेक्ट्स पर काम रोक दिया जाए, ताकि उनकी सुरक्षा ऑडिट हो सके। इस मामले की पड़ताल के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। अब तक 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें इमारत का सुपरवाइजर और 2 श्रम ठेकेदार शामिल हैं।