नोएडा में गिरी छत, मौत के मुंह से लौटा किरायेदार
16 जुलाई को नोएडा के गार्डनिया गेटवे, सेक्टर 75 में एक अपार्टमेंट की छत अचानक गिर गई। गनीमत रही कि किरायेदार हादसे से ठीक पहले कमरे से बाहर निकल चुका था। अगर वह कुछ देर और रुकता तो छत का प्लास्टर और कंक्रीट सीधे उसके बिस्तर पर गिरता और कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। इस घटना ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर ये अपार्टमेंट कितने सुरक्षित और मजबूत बने हैं।
नोएडा के निवासियों ने मरम्मत रोकी
यह हादसा होते ही, वहां के निवासियों ने मरम्मत के काम को रुकवा दिया। उन्होंने पूरे कॉम्प्लेक्स के इंस्पेक्शन (जांच) की मांग की। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भी लोगों ने इस प्रोजेक्ट में कई खामियां बताईं। इनमें मुख्य रूप से स्टील की छड़ों का गायब होना और सीमेंट की घटिया गुणवत्ता जैसी बातें सामने आईं। कुछ लोगों ने तो यहां तक चेतावनी दी कि नोएडा के ये अपार्टमेंट 'मौत के जाल' हैं। उन्होंने उन खरीदारों को आगाह किया जो 70 लाख से 2 करोड़ रुपये तक की प्रॉपर्टी खरीदने की सोच रहे हैं। ऐसे लोगों को सोच-समझकर फैसला लेने की बात कही गई।