मुबई के कुर्ला इलामें में प्रमोद महाजन गार्डन में एक युवक और एक युवती पर कुछ बच्चों द्वारा हमला किए जाने के मामले में विवाद खड़ा हाे गया है। इस घटना के बाद मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने जोड़ों से सार्वजनिक जगहों का सम्मान करने और मर्यादा बनाए रखने की अपील की है। यह चौंकाने वाली घटना कैमरे में कैद हो गई थी और सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई। इस हमले में कुछ नाबालिग बच्चे शामिल थे, जिनकी उम्र 10 साल तक बताई जा रही है और उन्होंने लाठी का इस्तेमाल किया था। इस घटना के बाद मुंबई पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
मुंबई पुलिस ने 8 नाबालिगों को हिरासत में लिया
इस मामले में 8 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है और उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा। मेयर तावड़े ने इस मामले की जांच की मांग की थी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया था कि पार्कों को परिवारों के साथ साझा किया जाता है, इसलिए उनका सम्मान किया जाना चाहिए। हालांकि, उनके इन बयानों के बाद ऑनलाइन काफी बहस छिड़ गई। कई लोगों ने सवाल उठाया कि हमले की निंदा करने के बजाय, ध्यान जोड़े के बर्ताव पर क्यों चला गया।