पूर्वी दिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर भीषण हादसा, प्रसिद्ध खेल पत्रकार जसविंदर सिद्धू की मौत
देश
मशहूर खेल पत्रकार जसविंदर सिद्धू सोमवार की आधी रात के बाद पूर्वी दिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पार कर रहे थे, तभी वे एक मोटरसाइकिल की चपेट में आ गए। इस हादसे में सिद्धू और मोटरसाइकिल सवार दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सिद्धू को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सिद्धू ने हिंदुस्तान टाइम्स और BBC जैसे बड़े मीडिया संस्थानों के लिए लगभग 30 सालों तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट पर पत्रकारिता की थी। वे पंजाब के किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी खूब लिखा करते थे। साथ ही वे अपने दिवंगत भाई के बच्चों की परवरिश भी कर रहे थे। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है और कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। वहीं, मोटरसाइकिल सवार का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।