Loading...
जंतर मंतर पर 'आरक्षण हटाओ आंदोलन'; पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, क्या हैं मांगें?
जंतर मंतर पर अब 'आरक्षण हटाओ आंदोलन' शुरू हो गया है

जंतर मंतर पर 'आरक्षण हटाओ आंदोलन'; पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, क्या हैं मांगें?

लेखन आबिद खान
Aug 22, 2026
09:21 am

क्या है खबर?

दिल्ली के जंतर मंतर पर अब एक और प्रदर्शन शुरू हो गया है। इसे 'आरक्षण हटाओ आंदोलन' नाम दिया गया है। शुक्रवार को इस प्रदर्शन में हजारों लोग शामिल हुए, जिनके हाथ में भगवा झंडे और नारे लिखी तख्तियां थीं। प्रदर्शनकारी UGC के इक्विटी नियमों का भी विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने तर्क दिया कि छात्रों को शिक्षा, कोचिंग और अन्य जरूरतों के लिए सरकारी सहायता आर्थिक स्थिति के आधार पर मिलनी चाहिए, न कि जाति के आधार पर।

मांग

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें

जातिगत आरक्षण को हटाया जाए। आरक्षण आर्थिक स्थिति के आधार पर मिले।

प्रदर्शनकारियों ने अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम को भी निरस्त करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण में क्रीमी-लेयर मानदंड लागू करने की भी मांग की और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित नीतियों में बदलाव की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने UGC के इक्विटी नियमों को भी वापस लेने की मांग की।

बयान

क्या बोले प्रदर्शनकारी?

एक प्रदर्शनकारी ने समाचार एजेंसी PTI से कहा, "हम यह नहीं कह रहे हैं कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बिना सहायता के छोड़ दिया जाए। हम कह रहे हैं कि सहायता उन लोगों तक पहुंचनी चाहिए जिन्हें इसकी जरूरत है, जिसमें छात्रवृत्ति और कोचिंग शामिल हैं।"

एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "हालात बदल गए हैं। इस बात पर चर्चा होनी चाहिए कि क्या मौजूदा ढांचे की समीक्षा की जरूरत है और आर्थिक असमानता को कैसे दूर किया जाए।"

ADVERTISEMENT

पुलिस

पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया

रात में दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की घटनास्थल पर तैनाती की गई।

पुलिस ने कहा कि जंतर-मंतर पर किसी भी तरह के प्रदर्शन, आंदोलन या जुलूस के लिए कोई अनुमति नहीं दी गई थी। एक अधिकारी ने कहा कि रामलीला मैदान में शाम 4 बजे तक अधिकतम 500 लोगों को शामिल होने की अनुमति देते हुए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया गया था।

ADVERTISEMENT

करणी सेना

प्रदर्शन में करणी सेना भी हुई शामिल

यह विरोध प्रदर्शन NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे हर्ष दुबे के नेतृत्व में चलाए जा रहे 'आरक्षण सुधार आंदोलन' के तहत आयोजित किया गया था।

जनरल सेना और चाणक्य सेना के साथ करणी सेना भी इस आंदोलन में शामिल हुईं।

आरक्षण और UGC के समानता नियमों से जुड़े मुद्दों पर मुखर रहने वाले अजीत भारती भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कोटा के भीतर कोटा समेत 4 मांगें सरकार के सामने रखीं।

ADVERTISEMENT