Page Loader
गणतंत्र दिवस: महिला को "तुम रेप करने लायक भी नहीं" कहने वाला व्यक्ति है मुख्य अतिथि

गणतंत्र दिवस: महिला को "तुम रेप करने लायक भी नहीं" कहने वाला व्यक्ति है मुख्य अतिथि

Jan 24, 2020
07:49 pm

क्या है खबर?

भारत के 71वें गणतंत्र दिवस की परेड में ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर मेसियस बोलसोनारो मुख्य अतिथि होंगे। बोलसोनारो एक बेहद विवादित शख्सियत हैं और उन्हें 'ब्राजील का ट्रंप' भी कहा जाता है। वो महिलाओं को लेकर कई बार बेहद आपत्तिजनक बयान दे चुके हैं और गर्भपात, नस्लवाद, प्रवासन, समलैंगिकता और बंदूक से जुड़े कानूनों पर उनके बेहद उग्र विचार हैं। आइए आपको बोलसोनारो की पृष्ठभूमि और उनसे जुड़े मुख्य विवादों के बारे में बताते हैं।

परिचय

राजनीति में आने से पहले सेना में रह चुके हैं बोलसोनारो

साओ पाउलो में जन्मे बोलसोनारो के माता-पिता उनका नाम मेसियस रखना चाहते थे जिसका मतलब 'मसीहा' होता है। लेकिन रिश्तेदारों की सलाह पर एक ब्राजीली फुटबॉलर के नाम पर उनका नाम 'जेयर' रखा गया। वो राजनीति में आने से पहले ब्राजीली सेना में कैप्टन रह चुके हैं। कंजरवेटिव सोशल लिबरल पार्टी की तरफ से 2018 में उन्होंने भ्रष्टाचार और अपराध के मुद्दे पर चुनाव लड़ा था और जीतने में कामयाब रहे।

विवाद

लगातार विवादित बयान देते रहते हैं बोलसोनारो

अपने चुनाव प्रचार के दौरान और 1 जनवरी, 2019 को राष्ट्रपति बनने के बाद भी बोलसोनारो कई ऐसे बयान दे चुके हैं जिनके कारण उन्हें तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। वो नस्ल, जेंडर, समलैंगिकता, गर्भपात और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर कई विवादित टिप्पणी कर चुके हैं। 2018 में ब्राजील के सरकारी अभियोजक ने उन पर अश्वेतों, महिलाओं और समलैंगिकों के खिलाफ भेदभाव भड़काने के आरोप तय किए थे।

सैन्य तानाशाही

सैन्य तानाशाही के समर्थक रहे हैं बोलसोनारो

बोलसोनारो 1964 से लेकर 1985 तक ब्राजील में रही सैन्य तानाशाही के भी समर्थक रहे हैं और उनके विरोधी उन्हें 'तानाशाही का उपासक' कहते हैं। 2016 में ब्राजील की तत्कालीन राष्ट्रपति डिल्मा रोसेफ के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया के दौरान बोलसोनारो ने अपना वोट उस कर्नल के नाम समर्पित किया था जिसने सैन्य तानाशाही के दौरान रोसेफ को यातनाएं दी थीं। 1985 में सैन्य तानाशाही खत्म होने के बाद ब्राजील में लोकतंत्र आया था।

महिलाओं के खिलाफ अपशब्द

महिला सांसद से कहा था, "तुम रेप करने लायक भी नहीं"

महिलाओं को लेकर बोलसोनारो की सोच और टिप्पणियां भी बेहद विवादित रही हैं। एक बार जब संसद में महिला सांसद मारिया डू रोसारियो ने उन पर रेपिस्ट होने का आरोप लगाया तो बोलसोनारो ने उन्हें बदसूरत बोल डाला। मारियो के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने कहा था, "मैं अगर रेप कर सकता तो भी तुम्हारा रेप नहीं करता क्‍योंकि तुम इस लायक ही नहीं हो।" इस बयान की दुनियाभर में तीखी आलोचना हुई थी।

महिला विरोधी

अपनी बेटी को कमजोर क्षणों की पैदाइश मानते हैं बोलसोनारो

बोलसोनारो अर्थव्यवस्था के लिए भी महिलाओं को एक कमजोर कड़ी मानते हैं। अपने एक बयान में उन्होंने कहा था, "महिलाएं गर्भवती हो जाती हैं तो इससे काम बाधित होता है। वे पांच महीने काम करती हैं और उन्‍हें पूरे साल का वेतन देना पड़ता है जिससे उद्योगों की रफ्तार बाधित होती है।" इसके अलावा वो बेटी होने को कमजोरी मानते हैं और अपनी बेटी को कमजोर क्षणों की पैदाइश तक बोल चुके हैं।

बयान

"मेरा बेटा समलैंगिक होता तो चाहता कि वो कार दुर्घटना में मर जाए"

समलैंगिकों के बारे में भी बोलसोनारो बेहद विवादित टिप्पणियां कर चुके हैं है। उन्होंने कहा था कि अगर उनका बेटा समलैंगिक होता तो वो उसे प्यार नहीं कर पाते और चाहते कि वो कार दुर्घटना में मर जाए।

जलवायु परिवर्तन

जलवायु परिवर्तन की बातों को फर्जी बताते हैं बोलसोनारो

जलवायु परिवर्तन को लेकर भी बोलसोनारो के विचार विवादित हैं और वो जलवायु परिवर्तन की बातों को फर्जी मानते हैं। वो पर्यावरण की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानूनों को रद्द करके अंधाधुंध विकास करने के पक्षधर हैं। उन्हें लगता है कि कम खाकर और शौच को नियंत्रित करके ग्लोबल वॉर्मिंग को नियंत्रित किया जा सकता है। वो पर्यावरण की सुरक्षा को लेकर काम करने वाली संस्थाओं के सख्त खिलाफ हैं।