असम: पत्नी की हत्या कर सिर फ्रिज में रखने वाला पति पुलिस वैन से कूदा, मौत
असम में एक चलती पुलिस गाडी से कूदने के बाद 30 साल के रमनुज गोस्वामी की मौत हो गई। उसे गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) में मेडिकल जांच के बाद हाटीगांव पुलिस स्टेशन वापस लाया जा रहा था।
उस पर इस महीने की शुरुआत में अपनी पत्नी रिया तालुकदार की हत्या करने का आरोप था और वह पुलिस हिरासत में था। भागने की यह कोशिश नरकासुर पहाड के पास हुई, जिसके तुरंत बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रिया तालुकदार का कटा सिर फ्रिज में मिला
गोस्वामी ने 6 सितंबर को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। हत्या का यह मामला तब सामने आया जब पड़ोसियों को घर से बदबू आने लगी। पुलिस ने जब जांच की तो उन्हें गोस्वामी के घर के फ्रिज में रिया तालुकदार का कटा हुआ सिर मिला।
पुलिस का कहना है कि गोस्वामी ने अपने किए पर जरा भी पछतावा नहीं दिखाया। 8 सितंबर को जब उसे अपराध स्थल पर ले जाया गया, तो उसने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर उसे जेल से रिहा किया गया तो वह उस व्यक्ति को मार देगा जिसे वह अपनी पत्नी का 'शुगर डैडी' बताता था। रिया के परिवार ने आरोप लगाया है कि गोस्वामी को ड्रग्स की लत थी। पुलिस इन आरोपों के साथ-साथ उससे जुड़े एक पुराने धोखाधड़ी के मामले की भी जांच कर रही है।