राम मंदिर दान चोरी: महंत दास बोले- धोखा हुआ, प्रधानमंत्री-मुख्यंमत्री दिलाएंगे न्याय
अयोध्या में राम मंदिर के दान में चोरी के आरोप लगने के बाद, ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय के बचाव में महांत कमल नयन दास सामने आए हैं। ट्रस्ट के अध्यक्ष महांत नृत्यगोपाल दास के उत्तराधिकारी महांत कमल नयन दास ने चंपत राय को 'निर्दोष' बताते हुए कहा कि उनके साथ 'धोखा' हुआ है। उन्होंने मंदिर के लिए राय के समर्पण को भी याद दिलाया। महंत दास ने भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मामले में इंसाफ जरूर करवाएंगे।
SIT ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया
इस मामले की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी से जुड़े कुछ कीमती सामान भी बरामद किए गए हैं। चंपत राय ने सभी आरोपों को "बेबुनियाद" बताया है। उन्होंने कहा कि SIT की रिपोर्ट आने के बाद वे अपना पक्ष रखेंगे। जांच में कुछ कमियां सामने आईं, जैसे दान पेटियों की चाबियां बिना इजाजत कुछ लोगों के पास मिली थीं। इन कमियों की वजह से चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा दोनों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद ट्रस्ट में नए लोगों की नियुक्ति की गई है।