LOADING...
राम मंदिर दान विवाद: ठगी का नया तरीका सामने आया, पुलिस ने बरामद कीं फर्जी रसीदें
राम मंदिर में श्रद्धालुओं से फर्जी रसीदों के जरिए भी ठगी होने का खुलासा हुआ है

राम मंदिर दान विवाद: ठगी का नया तरीका सामने आया, पुलिस ने बरामद कीं फर्जी रसीदें

लेखन आबिद खान
Jul 08, 2026
03:27 pm

क्या है खबर?

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे वैसे नए खुलासे हो रहे हैं। अब राम मंदिर के नाम पर फर्जी रसीद को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने राम मंदिर ट्रस्ट की फर्जी रसीद बुक बरामद की है। आरोपियों ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने ट्रस्ट द्वारा जारी की गई रसीदों से मिलती-जुलती नकली दान रसीदें छपवाईं और भक्तों से धोखाधड़ी कर दान लूटा गया।

रिपोर्ट

श्रद्धालुओं को दी गईं नकली रसीदें

न्यूज18 के मुताबिक, पुलिस ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के लोगो वाली कई फर्जी रसीदें बरामद की हैं। ये फर्जी रसीदें बिल्कुल असली रसीदों जैसे ही बनाई गई थीं, जिससे आरोपी लोगों को यह विश्वास दिला सकें कि उनका दान आधिकारिक तौर पर ट्रस्ट तक पहुंच रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि टिन्नू यादव, लवकुश, करुणेश, अनुकल्प और अन्य आरोपी इसमें शामिल हैं, जिन्होंने दान देने आए श्रद्धालुओं को फर्जी रसीदें जारी कीं।

ऑनलाइन

ऑनलाइन व्यवस्था होने के बाद बंद किया रसीदों का इस्तेमाल

रिपोर्ट में बताया गया है कि कि ट्रस्ट द्वारा कागजी रसीद को बंद करने और ऑनलाइन रसीदों का इस्तेमाल शुरू करने के बाद आरोपियों ने नकली रसीदों का इस्तेमाल करना बंद कर दिया। अब पुलिस जब्त की गई रसीद पुस्तिकाओं की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितने श्रद्धालुओं को धोखा दिया गया और फर्जी रसीदों के जरिए कुल कितनी राशि इकट्ठा की गई थी।

Advertisement

छापेमारी

आज भी पुलिस ने मारे छापे

आज सुबह पुलिस फैजाबाद जेल पहुंची और 3 आरोपियों को पूछताछ के लिए पुलिस लाइन लेकर आई। ये तीनों आरोपी दान की गिनती करते हुए नोटों को जेब में रखते हुए CCTV कैमरे में कैद हुए थे। साथ ही आज पुलिस ने मिल्कीपुर क्षेत्र में छापेमारी की। इसके अलावा आरोपी अनुकल्प मिश्रा के चाचा, एक सर्राफा कारोबारी और एक बिल्डिंग मटेरियल कारोबारी के यहां भी छापा पड़ा है। आरोपियों द्वारा पैसों के लेन-देन को लेकर ये कार्रवाई हुई है।

Advertisement

बद्रीनाथ

बद्रीनाथ मंदिर दान विवाद में भी FIR 

वहीं, उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में भी दान राशि में कथित चोरी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंदिर समिति के अध्यक्ष के सरकारी PA प्रमोद नौटियाल के खिलाफ बद्रीनाथ थाने में FIR दर्ज हुई है। कल ही उन्हें सस्पेंड किया गया था। मंदिर समिति ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रमोद मंदिर की दान राशि को अवैध रूप से उठाते हुए पाए गए। मंदिर समिति के निर्देश पर ही पुलिस ने ये FIR दर्ज की है।

Advertisement