INS महेंद्रगिरी से बढ़ी नौसेना की ताकत, राजनाथ सिंह बोले- AI और पारंपरिक युद्ध का नया समीकरण
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भविष्य के युद्धों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और पारंपरिक सैन्य ताकत का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। विशाखापट्टनम में INS महेंद्रगिरी के कमीशन के मौके पर उन्होंने समझाया कि भले ही तकनीक से युद्ध लड़ने का तरीका बदल रहा हो, लेकिन पुराने तौर-तरीके और पारंपरिक प्लेटफॉर्म आज भी अपनी जगह बहुत अहम हैं। उनके शब्दों में, "नई तकनीकें और पारंपरिक प्लेटफॉर्म एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि ये एक-दूसरे के पूरक हैं और एक-दूसरे को पूरा करते हैं। पारंपरिक प्लेटफॉर्म के बिना नई तकनीकें अधूरी ही रहेंगी।"
मजगांव में बना INS महेंद्रगिरी नौसेना में शामिल
भारत की सबसे नई स्टील्थ फ्रिगेट INS महेंद्रगिरी, जो प्रोजेक्ट 17A सीरीज का छठा युद्धपोत है, शनिवार को विधिवत रूप से नौसेना का हिस्सा बन गया। मजगांव डॉक शिपबिल्डर्स ने इसे तैयार किया है और यह फ्रिगेट 28 नॉट तक की रफ्तार से चल सकती है। यह समुद्र में कई तरह के मिशनों को अंजाम देने के लिए पूरी तरह सक्षम है। इस मौके पर सिंह ने आंध्र प्रदेश की भी खूब तारीफ की।