राजनाथ सिंह का मेगा प्लान: भारत बनेगा हथियारों का वैश्विक अगुआ, 50 प्रतिशत निजी क्षेत्र को लक्ष्य
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अगले 25 से 30 सालों के भीतर भारत हथियार निर्यात के मामले में दुनिया का अगुआ बनेगा। शिरडी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इस लक्ष्य को हासिल करने में निजी कंपनियों की अहम भूमिका पर खास जोर दिया। सरकार रक्षा उत्पादन में निजी क्षेत्र की भागीदारी को 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
राजनाथ सिंह ने निजी रक्षा क्षेत्र के इनोवेशन की सराहना की
सिंह ने जोर देकर कहा कि भारत के रक्षा क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए सरकार और निजी क्षेत्र का साथ मिलकर काम करना बहुत जरूरी है। उन्होंने निजी उद्योगों की सराहना करते हुए कहा कि वे बेहतरीन हथियार बना रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर बताया, 'रक्षा क्षेत्र में निजी कंपनियां अब सिर्फ नट-बोल्ट जैसे छोटे-मोटे पुर्जे देने वाली नहीं रहीं, बल्कि वे अत्याधुनिक हथियार सिस्टम भी तैयार कर रही हैं।' उनका साफ विज़न है कि भारत हाई-टेक गोला-बारूद का एक आत्मनिर्भर केंद्र बने, ताकि आयात पर निर्भरता कम हो और देश की सुरक्षा और भी मजबूत हो।