LOADING...
3 महीने पहले शादी, प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या; राजस्थान के 'हादसे' में नए खुलासे 
राजस्थान में पत्नी द्वारा प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या का मामला सामने आया है

3 महीने पहले शादी, प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या; राजस्थान के 'हादसे' में नए खुलासे 

लेखन आबिद खान
Feb 06, 2026
02:54 pm

क्या है खबर?

राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक महिला ने अपने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी है। महिला की हाल ही में शादी हुई थी, जिससे वो नाखुश थी। इसके बाद महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई। घटना को हादसा बताने के लिए भी साजिश रची, लेकिन पुलिस ने राजफाश कर दिया। इस घटना को इंदौर के सोनम रघुवंशी हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। आइए पूरा मामला जानते हैं।

घटना

30 जनवरी को 'हादसे' में हुई युवक की मौत

30 जनवरी की शाम को राजस्थान के श्रीगंगानगर में रहने वाले नवविवाहित दंपति आशीष और अंजू टहलने निकले थे। इस दौरान एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस कथित हादसे में आशीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंजू के गहने लूट लिए गए और वह सड़क पर बेहोश पड़ी रहीं। शुरुआत में मामला हिट-एंड-रन का लगा। अगले दिन पुलिस ने परिजनों की शिकायत के बाद FIR दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच

जांच में हुए कई खुलासे

आशीष की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शरीर पर चोटों के निशान, घटनास्थल से मिले सबूत और अंजू के बयानों में पुलिस को विरोधाभास नजर आया। शक बढ़ने पर पुलिस ने फोरेंसिक और तकनीक जांच की। कॉल डिटेल, अंजू की लोकेशन और घटनास्थल से मिले सबूतों ने इशारा किया कि ये मामला केवल एक सड़क हादसा नहीं था। इसके बाद पुलिस ने जांच का एंगल बदला और परिवार और करीबी लोगों को पूछताछ में शामिल किया।

Advertisement

मौत

7 साल से पड़ोसी युवक से था अंजू का प्रेम प्रसंग

आशीष के शरीर पर चोट के कई निशान थे, जो सड़क हादसे में लगी चोट से मेल नहीं खा रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने स्थिति और स्पष्ट कर दी। इसमें सामने आया कि आशीष की मौत गला घोंटने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने अंजू की कॉल डीटेल निकाली थी, तो पता चला कि वो संजू नामक युवक के संपर्क में थी। ये भी सामने आया कि दोनों का करीब 7 साल से प्रेम प्रसंग था।

Advertisement

हत्या

अंजू ने कैसे बनाई आशीष की हत्या की योजना?

अंजू ने अपने प्रेमी संजू के साथ मिलकर पति आशीष को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसमें संजू के 2 दोस्त बादल और रॉकी भी शामिल थे। घटना वाले दिन अंजू आशीष को टहलने के बहाने सूनसान सड़क पर ले गई। यहां संजू और उसके दोस्त पहले से झाड़ियों में छिपे थे। तीनों ने आशीष पर हमला कर हत्या कर दी। घटना को हादसा दिखाने के लिए अंजू ने अपनी बाली और आशीष का मोबाइल आरोपियों को दे दिया।

शादी

3 महीने पहले हुई थी शादी

अंजू और आशीष की शादी 30 अक्टूबर, 2025 को हुई थी। अंजू इस शादी से खुश नहीं थी, क्योंकि उसका संजू से प्रेम प्रसंग था। शादी से पहले अंजू और संजू श्रीगंगानगर में एक ही कॉलेज में पढ़ते थे। इस दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। इस प्रेम प्रसंग के बारे में अंजू के घर वालों को भी पता था। अंजू शादी के बाद भी संजू से मिलती थी और फोन पर बात भी करती थी।

पुलिस

मामले में 4 लोग गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने अंजू, संजू, रोहित उर्फ रॉकी और बादल उर्फ सिद्धार्थ को गिरफ्तार किया है। जांच अभी भी जारी है। पुलिस ने कहा, "आरोपी युवकों को 5 दिन की रिमांड पर लिया गया है। युवती को 2 दिन की रिमांड पर लिया है। पूछताछ में जो भी सामने आएगा, उसका खुलासा जल्द किया जाएगा।" घटना ने इंदौर के सोनम रघुवंशी मामले की यादें ताजा कर दी है, जिसने अपने पति की प्रेमी संग मिलकर हत्या कर दी थी।

Advertisement