LOADING...
उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश और भूस्खलन से 18 की मौत, सैकड़ों लोग फंसे
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने तबाही मचाई है (फाइल तस्वीर)

उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश और भूस्खलन से 18 की मौत, सैकड़ों लोग फंसे

लेखन आबिद खान
Sep 17, 2025
11:47 am

क्या है खबर?

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में इस हफ्ते बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है और 20 लापता हैं। सैकड़ों लोग अभी भी फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। उत्तराखंड में 15 लोग मारे गए हैं और 16 लापता हैं। यहां 9,00 से ज्यादा लोगों को बचाया गया है। हिमाचल के मंडी में मकान ढहने से एक ही परिवार के 3 सदस्य मारे गए हैं।

उत्तराखंड

देहरादून में बादल फटने से भारी तबाही

बीते दिन उत्तराखंड के देहरादून में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। विकास नगर में टोंस नदी में ट्रैक्टर-ट्रॉली बहने से 13 लोगों की मौत हो गई। इनमें 8 लोग उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के हैं। नैनीताल और पिथौरागढ़ में भी एक-एक मौत हुई है। अधिकारियों ने बताया कि मसूरी में लगभग 3,000 पर्यटक फंसे हुए हैं, क्योंकि देहरादून-मसूरी मार्ग जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावा दर्जनों और रास्ते भी बंद हैं।

स्थिति

देवभूमि संस्थान से 500 छात्रों को निकाला गया

देहरादून के पौंधा स्थित देवभूमि संस्थान में फंसे करीब 500 छात्रों को SDRF की टीमों ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है। गंगा और यमुना चेतावनी स्तर के करीब बह रही हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार ने कहा, "बचाव अभियान जारी है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती हैं। लापता लोगों का पता लगाने और फंसे हुए निवासियों को सहायता प्रदान करने के प्रयास जारी हैं। 13 पुल, 10 पुलिया, 2 घर और 21 सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।"

नुकसान

सहस्त्रधारा में कई घरों को नुकसान हुआ, लोगों ने स्कूलों में शरण ली

सहस्त्रधारा के करलीगढ़ गांव में बादल फटने से 23 घरों और कई रिसॉर्ट्स को नुकसान पहुंचा है और 6 लोग लापता हो गए हैं। यहां से 400 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। देहरादून से मसूरी के रास्ते पर झड़ीपानी में मकान ढहने से 2 लोगों की मौत हो गई। टोंस नदी का पानी टपकेश्वर महादेव मंदिर में घुसने से एक व्यक्ति बह गया है। सहस्त्रधारा और मालदेवता के सैकड़ों लोगों ने स्कूलों में शरण ले रखी है।

हिमाचल

हिमाचल के मंडी में भी भारी नुकसान

हिमाचल के मंडी जिले में अचानक आई बाढ़ में कई गाड़ियां बह गईं और धरमपुर का बस स्टैंड भी जलमग्न हो गया। यहां दुकानों में मलबा घुसने से दुकानदारों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। 4 लोग लापता बताए जा रहे हैं। शिमला में हिमलैंड के पास भूस्खलन में कई कारें दब गईं और सड़क भी क्षतिग्रस्त हुई है। इससे शिमला का संपर्क टूट गया है। कांगड़ा, भुंतर, मुरारी देवी समेत कुछ इलाकों में आंधी भी चली है।

मौतें

हिमाचल में 417 की मौत, 4,582 करोड़ का नुकसान

इस मानसून ने हिमाचल में भारी तबाही मचाई है। राज्य में सामान्य से 46 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। भारी बारिश की वजह से 3 राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 600 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। बारिश संबंधी घटनाओं में 417 लोगों की जान चली गई है और 4,582 करोड़ रुपये की निजी और सरकारी संपत्ति नष्ट हो चुकी है। वहीं, 1,500 घर बह गए हैं, जबकि 6,500 घरों को आंशिक नुकसान हुआ है।