तमिलनाडु में चक्रवाती सिस्टम की दस्तक, झमाझम बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
तमिलनाडु की तरफ एक चक्रवाती सिस्टम बढ़ रहा है, जिसके चलते उत्तरी और डेल्टा क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, चेन्नई, चेंगलपट्टु, कांचीपुरम, तिरुवन्नमलाई, पेराम्बालुर, पुदुक्कोट्टई और कुड्डालोर जैसे इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, थंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, मायिलादुथुराई और कराईकल जैसे डेल्टा जिलों में भारी बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
नल्लमूक्कु में 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों में तिरुनेलवेली के नल्लमूक्कु में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, धर्मपुरी में भी 6 सेंटीमीटर बारिश हुई है। तापमान में भी काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। मदुरै में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि कोडैकनाल जैसे ठंडे पहाड़ी इलाकों में तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के मुताबिक, चेन्नई में रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश व गरज-चमक की संभावना है, इसलिए छाता साथ रखना बेहतर होगा।