राहुल गांधी बोले- छात्रों पर पैलेट गन चलाई, नुकीले डंडों से पीटा गया; शाह इस्तीफा दें
क्या है खबर?
लोकसभा में संबोधन के दौरान हुए हंगामे के बाद राहुल गांधी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि मैं कभी भी भाजपा, RSS और इनसे जुड़े किसी भी लोगों से माफी नहीं मांगने वाला। उन्होंने कहा, "मेरे लिए आज सबसे बड़ा मुद्दा दिल्ली की छात्रों पर क्रूरता से जुड़ा है। उन पर पैलेट गन चलाई गई। एक घायल की आंख की रोशनी जा सकती है। मैंने उसका AIIMS दिल्ली का प्रमाण पत्र देखा है।"
गृह मंत्री
राहुल बोले- शाह के आदेश पर हुई कार्रवाई
राहुल ने कहा, "मैंने पुलिस अधिकारी के फोन पर देखा कि उसे अमित शाह का कॉल आ रहा है। अगर उन्होंने पुलिस को कार्रवाई का आदेश नहीं दिया तो किसने दिया। अगर उन्हें पता नहीं है कि किसने आदेश दिया तो वे पद के लायक नहीं है। दिल्ली पुलिस, RAF और CRPF सब गृह मंत्रालय के अंतर्गत आती है। 25 जुलाई को मैंने शाह को पत्र लिखा। उनसे कुछ सवाल पूछे।"
इस्तीफा
राहुल ने शाह का इस्तीफा मांगा
राहुल ने कहा, "आज शाह लोकसभा में नहीं आ पाए। चूंकि वो दोषी है। अगर नहीं होते तो आकर जवाब देते। हमारी 2 मांगें हैं- शाह को इस्तीफा देना होगा। दूसरी- सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में उच्च स्तरीय जांच समिति मामले की जांच करे।"
राहुल ने कहा, "मैंने उनसे पूछा कि लाठीचार्ज का आदेश किसने दिया। और सादे कपड़ों में जो लोग दिख रहे थे, वो कौन हैं और कहां से आए।"
बड़ी बातें
राहुल के संबोधन की बड़ी बातें
हम हर एक छात्र के साथ खड़े हैं। हम किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने देंगे।
सरकार जो विधेयक लेकर आई वो चर्चा के लायक नहीं है। जब कोई दोषी ही साबित नहीं हो रहा तो सजा किसे देंगे।
इन लोगों ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के नाम पर भगवान की छवि बना रखी है। इनका गुब्बारा फट गया है।
मुझे छात्रों पर गर्व है, उन्होंने काफी हिम्मतभरा काम किया है।
संसद
राहुल ने संसद में कहा था- गृह मंत्री ने छात्रों पर गोलियां चलवाईं
राहुल ने आज संसद में आरोप लगाया था कि गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया था। इस पर लोकसभा में खूब हंगामा हुआ।
संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल से माफी मांगने या अपने बयान के पक्ष में सबूत पेश करने को कहा। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी कहा कि नेता विपक्ष को तथ्यों के आधार पर सदन में बात रखनी चाहिए।
भाजपा
भाजपा बोली- राहुल ने संसद में झूठ बोला
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, "राहुल ने लोकसभा में झूठ बोला है। राहुल ने कहा कि गोली चलाने का आदेश गृह मंत्री ने दिया। ये भी झूठ है, क्योंकि गोली चली नहीं तो आदेश कहां से देंगे। जहां भी विरोध या प्रदर्शन होता है उस इलाके की कमान मजिस्ट्रेट के पास होती है। मजिस्ट्रेट ही निर्णय लेता है, गृह मंत्री निर्णय नहीं लेते।"
पात्रा ने राहुल पर छात्रों का अपमान करने का आरोप भी लगाया।