पंजाब में पुलिस को बड़ी सफलता, मार्च में गैंगवार से जुड़ी एक भी हत्या नहीं हुई
पंजाब में गैंग अपराध को खत्म करने के लिए छेड़ा गया बड़ा अभियान, जिसे 'गैंग्सट्रान ते वार' नाम दिया गया है, अब रंग लाता दिख रहा है। मार्च महीने में गैंग से जुड़ी हत्याओं का आंकड़ा शून्य पर आ गया है, जबकि जनवरी में ऐसे 4 मामले सामने आए थे।
यही नहीं, आपसी गैंगवार की घटनाओं में भी बड़ी गिरावट आई है। इस साल 20 अप्रैल तक ऐसे सिर्फ 9 मामले दर्ज हुए हैं, जबकि जनवरी में इनकी संख्या 29 थी।
पंजाब में हेल्पलाइन शुरू, रंगदारी के मामलों में कमी
यह कामयाबी सिर्फ पुलिस की सख्ती की वजह से नहीं मिली है। रंगदारी मांगने के मामलों में भी गिरावट देखने को मिली है। इसके साथ ही, लोगों की सहूलियत के लिए राज्य सरकार ने एक टोल-फ्री एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन भी शुरू की है। इस हेल्पलाइन के जरिए आम लोग किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी आसानी से पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। पंजाब के पुलिस प्रमुख ने इसे जनता की सुरक्षा के लिए एक बड़ी जीत बताया है। उनका कहना है कि इस कदम से गैंगों में नई भर्तियां रुक रही हैं और अपराधों पर भी लगाम लग रही है।