पंजाब पुलिस बोली- जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों का पाकिस्तान की ISI से कोई संबंध नहीं
पंजाब पुलिस ने साफ कर दिया है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों का पाकिस्तान की ISI समर्थित किसी आतंकी मॉड्यूल से कोई संबंध नहीं है। यह स्पष्टीकरण तब आया जब सोशल मीडिया पर 4 अगस्त की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के एडिट किए गए कुछ क्लिप्स वायरल होने लगे।
इन क्लिप्स के जरिए लोगों को गुमराह किया जा रहा था कि प्रदर्शनकारियों का ISI से कोई संबंध है। पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि प्रदर्शन करने वाले लोगों का ऐसे किसी मॉड्यूल से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है।
एडिटेड क्लिप्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को गलत तरीके से दिखाया
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मूल प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिर्फ कुछ ऐसे अभियुक्तों का जिक्र किया गया था जो जंतर-मंतर पर गए थे और वहां हमले की साजिश रच रहे थे। लेकिन इन लोगों का प्रदर्शनों से कोई संबंध नहीं था और ये प्रदर्शनकारियों में शामिल नहीं थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इन क्लिप्स ने पुलिस के बयानों को गलत कैप्शन और विजुअल्स के साथ तोड़-मरोड़कर पेश किया। पंजाब पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और गलत जानकारी फैलाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।