पंजाब का गैंगस्टर गुरविंदर इथियोपिया से भारत लाया गया, 30 से ज्यादा मामलों में वॉन्टेड
क्या है खबर?
पंजाब में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने केंद्रीय एजेंसियों और पंजाब पुलिस की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC) के साथ मिलकर गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से भारत लाने में सफलता हासिल की है। गुरविंदर को भारत लाने का अभियान करीब 10 महीने तक चला।
गिरफ्तारी
पुलिस ने रखा था 5 लाख रुपये का इनाम
गुरविंदर को 6 नवंबर को इथियोपिया में हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद उसे भारत निर्वासित किया गया।
दिल्ली हवाई अड्डे पर आते ही पंजाब पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पंजाब सरकार ने गुरविंदर के बारे में सूचना देने वाले के लिए 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
उस पर विदेश में बैठकर पंजाब में टारगेट किलिंग, फिरौती के लिए गोलीबारी और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के आरोप हैं।
बयान
पुलिस ने कहा- पहली बार अफ्रीकी देश से हुआ निर्वासन
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान 'गैंगस्टरां ते वार' के तहत यह बड़ी सफलता मिली है।
उन्होंने कहा, "गुरविंदर को भारत लाने के लिए 'ऑपरेशन शहीद' चलाया गया था। यह पहली बार है जब राज्य पुलिस किसी अफ्रीकी देश से वांछित अपराधी को भारत लाने में सफल हुई है।"
पंजाब पुलिस के अनुसार, गुरविंदर के खिलाफ 30 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।