LOADING...
पंजाब: मोहाली में ऑडी चालक ने तुर्की की महिला को मारी टक्कर, मौत
पंजाब के मोहाली में एक तेज रफ्तार ऑडी ने तुर्की महिला को टक्कर मारी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

पंजाब: मोहाली में ऑडी चालक ने तुर्की की महिला को मारी टक्कर, मौत

लेखन गजेंद्र
Mar 11, 2026
09:37 am

क्या है खबर?

पंजाब के मोहाली में एक तेज रफ्तार ऑडी चालक ने एक विदेशी महिला को सड़क पर जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई है। घटना सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि 12 बजे जीरकपुर की व्यस्त VIP रोड की है। मृतक महिला की पहचान मावलुदा के रूप में हुई, जो एक तुर्की नागरिक है। पुलिस ने बताया कि महिला की अत्यधिक रक्तस्त्राव से मौत हुई है। आरोपी कार हादसे के बाद चालक फरार हो गया।

हादसा

अस्पताल में अपने दोस्त से मिलकर लौट रही थी मावलुदा

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, घटना के समय मावलुदा अपने एक दोस्त अभिषेक उर्फ अभी की गर्भवती पत्नी से मिलने के लिए पास के एमकेयर अस्पताल गई थी, जहां से लौट रही थी। तभी सड़क पार करते समय काले रंग की ऑडी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह 14 से 15 फीट हवा में उछल गई और दूसरी तरफ गिरी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन तब तक मावलुदा ने दम तोड़ दिया।

जांच

मावलुदा के परिवार को दी गई सूचना, जांच शुरू

पुलिस का कहना है कि उन्होंने मावलुदा के परिवार को सूचना दे दी है। उनकी बहन तुर्की से भारत आ रही हैं। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीमें वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। इसके लिए आसपास के CCTV फुटेज में गाड़ी की पहचान की जा रही है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें भयावह हादसा दिख रहा है। आरोपी जल्द गिरफ्तार होगा।

Advertisement