पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने राज्य में बढ़ती हथियारबंद हिंसा को लेकर गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से गोलियां चल रही हैं, वह पटाखों के चलने जैसा है।
राज्यपाल को इस बात की भी बहुत फिक्र है कि आजकल लोग, खासकर बच्चे, कितनी आसानी से हथियार हासिल कर लेते हैं। उनके इन बयानों से राज्य सरकार की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के तरीके पर नए सिरे से चर्चा शुरू हो गई है।
राज्यपाल बोले- ड्रग्स पंजाब के लिए खतरा
कटारिया ने सिर्फ बंदूक हिंसा पर ही बात नहीं की, बल्कि उन्होंने पंजाब में ड्रग्स की बढ़ती समस्या पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि ड्रग्स राज्य की जड़ों को ही खोखला कर रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जो लोग नशे की लत से जूझ रहे हैं, उनका साथ दें, न कि उन्हें समाज से अलग-थलग करें।
राज्यपाल का मानना है कि अगर अभी युवा नशे से दूर रह पाते हैं, तो अगले 8 से 10 सालों में पंजाब फिर से मजबूती से खड़ा हो सकता है।