पंजाब का चुनावी रिकॉर्ड: 18 दिन में भरे गए 1.3 करोड़ फॉर्म
पंजाब में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का अभियान पूरा हो गया है। इसके तहत पूरे राज्य में शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों में 11 और 12 जुलाई को ही 30 लाख से ज्यादा फार्म भरे गए। मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि इस पूरे अभियान के दौरान सिर्फ 18 दिनों में कुल 1.3 करोड़ फार्म जमा किए जा चुके हैं। इस पहल का मुख्य मकसद यह सुनिश्चित करना है कि मतदाताओं की जानकारी एकदम सही और नई हो।
24 जुलाई तक जारी रहेगा घर-घर फार्म जमा करने का काम
अगर आप इन शिविरों में हिस्सा नहीं ले पाए, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। घर-घर जाकर फार्म जमा करने का यह अभियान 24 जुलाई तक जारी रहेगा। मित्रा ने उन सभी मतदाताओं से अपील की है, जिन्होंने अभी तक अपने फार्म जमा नहीं किए हैं कि वे जल्द से जल्द अपने बूथ स्तरीय अधिकारी से संपर्क करें। पंजाब की मतदाता सूचियों का अद्यतन मसौदा 3 अगस्त को जारी किया जाएगा।