पुणे हत्याकांड: आरोपी चेतन की बाइक जब्त, फास्ट-ट्रैक कोर्ट दिलाएगा न्याय
पुणे में हुए हत्याकांड के मामले में एक अहम अपडेट सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी चेतन चौधरी से जुड़े एक दोपहिया वाहन, हुडी और हेडफोन जब्त किए हैं। आरोप है कि चेतन चौधरी 18 जून को कारोबारी केतन अग्रवाल के साथ लोहगढ़ किले गए थे। वहीं किले से गिरने के बाद अग्रवाल की मौत हो गई थी। इसी हत्याकांड में चेतन चौधरी और केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल को 23 जून को उनकी संदिग्ध भूमिका के चलते गिरफ्तार किया गया था।
फॉरेंसिक जांच जारी और फास्ट-ट्रैक कोर्ट को मंजूरी
पुलिस ने जब्त किए गए सामानों की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर हुआ क्या था। फिलहाल चेतन चौधरी और सिया गोयल 29 जून तक पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस को शक है कि सिया गोयल पारिवारिक दबाव के कारण शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसे देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट के गठन को मंजूरी दे दी है। इस मामले में सरकार की तरफ से सीनियर एडवोकेट और राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम पैरवी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने पीड़ित परिवार को जल्द कार्रवाई और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।