मां को भारी पड़ी कोर्ट की अनदेखी, पुणे कोर्ट ने सिंगापुर के पिता को सौंपी बेटे की कस्टडी
पुणे की फैमिली कोर्ट ने सिंगापुर में रहने वाले एक पिता को उनके बेटे की अस्थायी कस्टडी दी है। कोर्ट ने यह फैसला तब सुनाया जब मां ने उसके आदेशों को अनसुना कर दिया था और बच्चे की भलाई को लेकर चिंताएं बढ़ गईं थीं। यह पूरा विवाद पिछले साल शुरू हुआ था, जब मां ने पति को बताए बिना, जो उस वक्त काम के सिलसिले में बाहर थे, बेटे को पुणे ले आई थीं।
सिंगापुर कोर्ट का वापसी आदेश मां ने नहीं माना
सिंगापुर कोर्ट ने मां को जुलाई 2025 तक बच्चे को वापस भेजने का आदेश दिया था। लेकिन, मां ने न तो इस आदेश का पालन किया और न ही इसे कोर्ट में चुनौती दी। बाद में, बॉम्बे हाई कोर्ट ने पुणे के जज को निर्देश दिया कि वे बच्चे के हित में फैसला लें। प्रभारी फैमिली कोर्ट के जज गणेश घुले ने पाया कि मां ने पिता को बेटे से संपर्क करने से रोका था और बेटे के लिए एक तनावपूर्ण माहौल भी बना दिया था। फिलहाल, यह सिर्फ एक अस्थायी फैसला है। बेटे की अंतिम कस्टडी का फैसला बाद में किया जाएगा।