मणिपुर: कांगपोकपी में बोरी में बंद मिले 2 युवकों के शव, फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
मणिपुर के कांगपोकपी जिले से गत 29 अक्टूबर को लापता हुए टी चोंगलोई और पाओगिनलाल हेंगसिंग अब सेनापति जिले में मृत मिले। पुलिस को उनके शव केले के एक खेत में बोरियों में छिपाए हुए मिले। इस खबर के फैलते ही कांगपोकपी जिले में तुरंत विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। प्रदर्शनकारी इस दुखद घटना के लिए नागा उग्रवादियों को कसूरवार बता रहे हैं।
नेमचा किपगेन ने की पूरी जांच की मांग
प्रदर्शनों के दौरान तनाव बढ़ गया। पुलिस को भीड़ को काबू करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस दौरान उनमें से कुछ लोग जख्मी भी हुए। उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने इस मामले की पूरी जांच की मांग की है। दूसरी ओर कांगपोकपी में कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी ने उपमुख्यमंत्री लोसी दिखो के इस्तीफे की मांग की है। उनकी यह भी शर्त है कि जब तक जिम्मेदार लोगों को पकड़ा नहीं जाता, तब तक शवों का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।