मध्य प्रदेश: RTO के पास मिली आय से 650 गुना अधिक संपत्ति, फार्महाउस का मालिक
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश में आज पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने एक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) के घर पर छापा मारा।
आय से अधिक संपत्ति के एक मामले में RTO संतोष पाल पर ये छापा मारा गया और पुलिस को उन पर आय से 650 गुना अधिक संपत्ति मिली।
EOW को संतोष के नाम कई घर और फार्महाउस होने के सबूत भी मिले हैं।
पूरा मामला क्या है, आइए आपको बताते हैं।
शिकायत
EOW को मिली थी RTO के पास आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत
EOW के पुलिस अधीक्षक (SP) देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें RTO संतोष पाल और परिवहन विभाग में ही क्लर्क के पद पर काम करने वाली उनकी पत्नी रेखा पाल के पास आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत मिली थी।
शिकायत मिलने के बाद EOW की एक टीम ने जबलपुर की शताब्दी पुरम कॉलोनी स्थित संतोष के घर पर छापा मारा। ये छापा बुधवार रात को मारा गया।
बरामद
RTO के घर से कैश और गहनों के साथ-साथ कई लग्जरी कारें बरामद
छापे में EOW को संतोष के घर से 16 लाख रुपये कैश के साथ-साथ लाखों रुपये के गहने भी मिले। इसके अलावा उसके घर से कई लग्जरी कारें भी बरामद की गईं। संतोष के घर पर एक थिएटर भी था।
EOW को छापेमारी में संतोष के नाम कई दर्ज घर और फार्म हाउस होने के सबूत भी मिले और इनसे संबंधित दस्तावेजों को जब्त कर लिया गया। ये घर और फॉर्म हाउस अलग-अलग इलाकों में हैं।
संपत्ति
RTO के नाम हैं ये घर और फार्म हाउस
EOW को जांच में RTO संतोष के नाम ग्वारीघाट की पीपी कॉलोनी में 1,247 वर्ग फुट का एक घर होने के दस्तावेज मिले।
इसी तरह शंकर शाह वार्ड में उनके नाम 1,150 वर्ग फुट की दो इमारतें और शताब्दी पुरम में 10,000 वर्ग फुट का घर होने की सूचना भी मिली।
कस्तूरबा गांधी वार्ड में 570 वर्ग फुट और गढ़ा फाटक में 771 वर्ग फुट के घरों के साथ-साथ दीपाखेड़ा गांव में 1.4 एकड़ का फार्म हाउस भी मिला है।
घर
बेहद आलीशान है RTO का घर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, EOW टीम ने संतोष के जिस घर पर छापा मारा, वह बेहद आलीशान बना हुआ है और उसे देखकर टीम के सदस्य दंग रह गए। वे लगभग 10 बजे संतोष के घर पहुंचे।
SP देवेंद्र प्रताप ने बताया कि देर रात को खत्म हुई जांच में RTO संतोष के पास उनकी पूरी नौकरी की आय से 650 गुना अधिक संपत्ति पाई गई है। स्वर्णजीत सिंह धामी ने इसका सत्यापन किया है।