प्रधानमंत्री मोदी ने दी भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी, 17 जुलाई से होगी शुरुआत
भारत की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन 17 जुलाई से पटरी पर दौड़ने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जिंद में इस ट्रेन को हरी झंडी दी है। यह ट्रेन खास तौर पर जिंद-सोनीपत रूट के लिए बनाई गई है। यह ट्रेन पर्यावरण के अनुकूल है, जिसमें एक साथ कम से कम 682 यात्री सफर कर सकेंगे और यह 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेगी। यह ट्रेन रोजाना 2 चक्कर लगाएगी और कुल 356 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इसमें हर दिन करीब 300 किलोग्राम हाइड्रोजन का इस्तेमाल होगा।
उत्तरी रेलवे के 136 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का हिस्सा है ट्रेन
यह ट्रेन उत्तरी रेलवे के 136 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इस प्रोजेक्ट का लक्ष्य है डीजल इंजनों को हटाकर उनकी जगह हाइड्रोजन-इलेक्ट्रिक इंजन लगाना। इस ट्रेन में हाइड्रोजन को हवा में मौजूद ऑक्सीजन के साथ मिलाकर बिजली बनाई जाती है। इस बिजली के लिए फ्यूल सेल और बैटरी का इस्तेमाल किया जाता है। जिंद में एक खास फ्यूलिंग स्टेशन बनाया गया है, जहां हाइड्रोजन को -15 डिग्री सेल्सियस पर रखा जाता है ताकि ट्रेन में ईंधन भरते समय कोई दिक्कत न आए। इस ट्रेन के सफल ट्रायल के बाद रेलवे ने इसी साल इसकी नियमित सेवा शुरू करने की हरी झंडी दे दी है।