प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं को अपने आवास पर बुलाकर मांगे टिप्स
शिक्षक दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं को अपने आवास पर बुलाया। इस दौरान उन्होंने युवा पीढ़ी के भविष्य को गढ़ने के लिए शिक्षकों का आभार जताया। साथ ही उन्होंने डॉ एस राधाकृष्णन की विरासत को भी नमन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दिन को समाज में शिक्षकों के 'मजबूत योगदान' को पहचानने का एक अहम अवसर बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने मांगे सार्वजनिक बातचीत के टिप्स
प्रधानमंत्री मोदी ने इन बेहतरीन शिक्षकों से सार्वजनिक रूप से बात करने (पब्लिक स्पीकिंग) और आत्मविश्वास बढ़ाने के तरीके भी पूछे। दिलचस्प बात यह है कि प्रधानमंत्री ने खुद भी इन बातों पर सलाह मांगी। उन्होंने शिक्षकों से यह भी जानना चाहा कि क्लास में जो बच्चे पढ़ाई में थोड़ा पीछे रह जाते हैं, उनकी मदद कैसे की जाए। एक और अहम मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने बच्चों में बढ़ती स्क्रीन की लत का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि बच्चों को इसके बजाय खेल या रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना चाहिए।