राष्ट्रपति आज 82 शिक्षकों का करेंगी सम्मान, AI से संस्कृत तक शिक्षा में ला रहे क्रांति
इस शिक्षक दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देशभर से 82 बेहतरीन शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करेंगी। विजेताओं में स्कूल शिक्षक, उच्च शिक्षा के संकाय सदस्य और कौशल प्रशिक्षक शामिल हैं।
इन शिक्षकों के रचनात्मक तरीकों से गणित और अंतरिक्ष विज्ञान से लेकर भारतीय ज्ञान प्रणालियों तक के विषयों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
स्टिम और AI में शिक्षक कर रहे हैं नवाचार
अवार्ड पाने वालों में हरियाणा के अनिल कौशिक भी शामिल हैं, जिन्हें "मैथ विजार्ड" के नाम से जाना जाता है। उन्होंने बच्चों के लिए गणित की लैब बनाई हैं।
राजस्थान के दिव्येंदु सेन ने ग्रामीण छात्रों की मदद से क्षुद्रग्रहों को ट्रैक किया है। उन्होंने एक AI-सक्षम बायोलॉजी शिक्षा मॉडल, एक वर्चुअल बायोलॉजी प्रयोगशाला और 'ट्री टॉक' नामक QR आधारित वनस्पति शिक्षण प्रणाली तैयार की है।
ओडिशा के पदराज नायक ने छात्रों को प्लेट धोने की मशीन सहित 50 से ज्यादा प्रोटोटाइप बनाने में मार्गदर्शन दिया है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी ऐसे नवाचारी हैं, जो संस्कृत को AI के साथ जोड़कर दिखा रहे हैं कि जुनून भरा अध्यापन कितना कुछ कर सकता है।