Page Loader
गाजियाबाद में हिजाब मामले में प्रदर्शन कर रही महिलाओं पर पुलिस ने बरसाई लाठियां, वीडियो वायरल
गाजियाबाद में हिजाब मामले में प्रदर्शन कर रही महिलाओं पर पुलिस ने बरसाई लाठियां।

गाजियाबाद में हिजाब मामले में प्रदर्शन कर रही महिलाओं पर पुलिस ने बरसाई लाठियां, वीडियो वायरल

Feb 16, 2022
05:20 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हिजाब विवाद को लेकर हिजाब पहनकर प्रदर्शन कर रही मुस्लिम महिलाओं पर पुलिस द्वारा लाठियां बरसाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। हालांकि, मामले में पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं के कुछ महिला पुलिसकर्मियों से मारपीट करने और अन्य पुरुष पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए अपना बचाव किया है और एक FIR भी दर्ज की है।

घटना

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है पुलिस के लाठीचार्ज का वीडियो

NDTV के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को हिजाब पहने प्रदर्शन कर रही महिलाओं पर लाठियां भांजते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान एक महिला पुलिसकर्मी को डंडे मारने से रोकते हुए भी नजर आती है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद कई लोग पुलिस की आलोचना कर रहे हैं। इसी तरह कई लोगों ने महिलाओं पर डंडे बरसाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी

पुलिस ने कही वीडियो की जांच कराने की बात

इस घटना पर गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारी महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्रता की थी। उसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की थी। महिलाओं पर डंडे बरसाए जाने के मामले में वीडियो की जांच कराई जा रही है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें घटना का वीडियो

बयान

हिजाब के पक्ष में महिला-पुरुषों ने किया था प्रदर्शन- पुलिस

पुलिस ने बताया कि 13 फरवरी को करीब 20-25 महिला और पुरुषों ने हिजाब के पक्ष में प्रिय विहार पुस्ते के पास सरकार विरोधी पोस्टरों को लेकर प्रदर्शन के लिए जुटी थीं, लेकिन उनके पास प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी। पुलिस के वहां पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों के उन्हें समझाने पर प्रदर्शनकारियों ने एक महिला कांस्टेबल से मारपीट कर दी। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें वहां से खदेड़ा था।

FIR

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज की है FIR

पुलिस ने बताया कि मामले में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एक FIR भी दर्ज की गई है। इसमें कहा गया है कि पुलिसकर्मियों ने जब प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने एक महिला कांस्टेबल से मारपीट की और अन्य पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। एक आरोपी की पहचान रईस के रूप में हुई है। पुलिस बताया कि स्थिति को संभालने के लिए मजबूरी में बल प्रयोग किया गया था। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया।

पृष्ठभूमि

क्या है हिजाब विवाद का मामला?

हिजाब विवाद की शुरुआत कर्नाटक के उडुपी के पीयू कॉलेज में छह छात्राओं को हिजाब में कॉलेज में प्रवेश नहीं देने से हुई थी। इसके बाद मामला अन्य राज्यों में भी पहुंच गया था। यह मामला कर्नाटक हाई कोर्ट भी पहुंच था, जिसे बड़ी बेंच को रैफर कर दिया था। 10 फरवरी को हाई कोर्ट ने अगले आदेश तक छात्रों को धार्मिक ड्रेस पहनने की जिद नहीं करने और सरकार को स्कूल-कॉलेजों को फिर से खोलने का आदेश दिया था।