गंगा एक्सप्रेसवे से मेरठ-प्रयागराज अब सिर्फ 6 घंटे दूर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 और 29 अप्रैल को 2 दिन के उत्तर प्रदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके दौरे की शुरुआत वाराणसी से होगी, जहां वे एक महिला सम्मेलन में शामिल होंगे।
यहीं पर वे वाराणसी-आजमगढ़ सड़क के विस्तार और एक बड़े सीवरेज प्लांट जैसी कई नई परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। इसके साथ ही, पूरे राज्य में 100 से ज्यादा विकास कार्यों की आधारशिला भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री करेंगे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। ये ट्रेनें वाराणसी-पुणे और अयोध्या-मुंबई के बीच चलेंगी, जिससे उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सफर और भी आसान और सुविधाजनक बनेगा।
इस दौरे का सबसे खास आकर्षण 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन है। यह 594 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे है जो उत्तर प्रदेश के 12 जिलों को जोड़ेगा। इसके शुरू होने के बाद मेरठ से प्रयागराज की दूरी महज 6 घंटे में तय की जा सकेगी। इस एक्सप्रेसवे पर एक हवाई पट्टी भी बनाई गई है, जिससे आपातकालीन स्थिति में विमानों को उतारा जा सकेगा। इस एक्सप्रेसवे से पूरे राज्य में तेज और आसान सफर मुमकिन होगा, साथ ही कनेक्टिविटी भी बेहतर बनेगी।