अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी का संदेश, कहा- योग बन गया वैश्विक आंदोलन
क्या है खबर?
अमेरिका के 3 दिवसीय दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूयॉर्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस मौके पर उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा, "भारत के आह्वान पर योग के लिए 180 देशों का एक साथ आना ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। जब 2014 में संयुक्त राष्ट्र में इसका प्रस्ताव आया तो रिकॉर्ड देशों ने समर्थन किया था। तब से यह वैश्विक आंदोलन और वैश्विक भावना बन गया है।"
संदेश
योग के जरिए गतिरोध और प्रतिरोध को खत्म करना है- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "योग का प्रसार भारत के विचार का विस्तार है, जो पूरे संसार को परिवार के रूप में समाहित करता है। योग हमारी अंतःदृष्टि को विस्तार देता है। योग के जरिए हमारे अंतर्विरोधों, प्रतिरोधों और गतिरोधों को खत्म करना है।"
बता दें कि मोदी 21 जून को भारतीय समयानुसार शाम 5ः30 बजे न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र की ओर से आयोजित इस वैश्विक उत्सव का नेतृत्व करेंगे। इसमें कई देशों के लोग शामिल होंगे।
आयोजन
योग दिवस पर भारत में कई जगह हुआ विशेष आयोजन
भारत में योग दिवस पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मध्य प्रदेश के जबलपुर पहुंचे और यहां उन्होंने सभी के साथ योग किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने दिल्ली के कार्यक्रम में भाग लिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने INS विक्रांत पर भारतीय नौसेना के जवानों के साथ योग किया। उन्होंने योग दिवस को भारत के लिए गर्व का दिन बताया।
गोवा के राजभवन में G-20 देशों के प्रतिनिधियों ने योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया।
ट्विटर पोस्ट
योग दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी का संदेश
Sharing my message on International Day of Yoga. https://t.co/4tGLQ7Jolo
— Narendra Modi (@narendramodi) June 21, 2023