भीषण गर्मी से बचने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने दिए जीवनरक्षक टिप्स
देशभर में बढ़ती गर्मी के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (27 मई) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है।
इसमें उन्होंने सभी लोगों को गर्मी से सुरक्षित रहने की सलाह दी। इसमें खूब पानी पीने, बाहर निकलते समय अपने साथ पानी की बोतल रखने और बच्चों, बुजुर्गों और धूप में बाहर काम करने वाले लोगों का खास ख्याल रखने की हिदायत दी है।
उन्होंने गर्मी से होने वाली बीमारियों के खतरों पर भी जोर दिया और लोगों से किसी भी तरह का जोखिम न लेने की अपील की।
मोदी ने पानी, छाया और ओ आर एस की अपील की
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि अगर, किसी को चक्कर आने या थकान जैसे लक्षण दिखें तो फौरन उस व्यक्ति को छाया में ले जाएं और तुरंत पानी या ORS पिलाएं। इसके अलावा, उन्होंने लोगों से जानवरों के प्रति भी दया दिखाने और उनके लिए पानी के बर्तन रखने की अपील की।
इस बीच, दिल्ली में हालात और भी चिंताजनक बने हुए हैं। राजधानी में भीषण गर्मी का यलो अलर्ट जारी किया गया है और तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है, वहीं शहर की हवा की गुणवत्ता भी 'मध्यम' से 'बहुत खराब' के दायरे में बनी हुई है।