LOADING...
प्रधानमंत्री मोदी ने UAE के राष्ट्रपति नाहयान से बात कर की ईरान के हमलों की निंदा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर बात की है

प्रधानमंत्री मोदी ने UAE के राष्ट्रपति नाहयान से बात कर की ईरान के हमलों की निंदा

Mar 01, 2026
11:52 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार रात को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने खाड़ी में बढ़ते तनाव के बीच मध्य पूर्व के देशों पर ईरान द्वारा किए गए हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने ईरान द्वारा किए गए इन हमलों में हुई जानमाल के नुकसान के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए राष्ट्रपति नाहयान को धन्यवाद भी दिया।

बयान

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर दी वार्ता की जानकारी

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, 'मैंने UAE के राष्ट्रपति, मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की। मैंने UAE पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और इन हमलों में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। भारत इस कठिन समय में UAE के साथ एकजुटता से खड़ा है। मैंने भारतीय समुदाय की देखभाल करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं।'

मौत

ईरान के हमलों से UAE में हुई 3 लोगों की मौत

यह घटना UAE में ईरानी सैन्य हमलों के बाद घटी, जिसमें 3 लोग मारे गए और कुछ भारतीय नागरिकों सहित 58 लोग घायल हो गए। अमेरिका और इजरायल द्वारा शनिवार को ईरान पर किए गए हमले के बाद ईरान ने कई खाड़ी देशों में इजरायली और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए हमलों की एक श्रृंखला को अंजाम दिया है। अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि उसे भारतीय नागरिकों के घायल होने की जानकारी है।

Advertisement

निंदा

UAE ने भी की है हमलों की निंदा

UAE के रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर लिखा कि उसने हमले की कड़ी निंदा करते हुए नागरिक वस्तुओं, सुविधाओं और राष्ट्रीय संस्थानों को निशाना बनाने के किसी भी कृत्य को पूरी तरह से अस्वीकार किया है। मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे कृत्य खतरनाक रूप से स्थिति को बिगाड़ते हैं और कायरतापूर्ण कार्य हैं जो नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं और स्थिरता को कमजोर करते हैं।

Advertisement