प्रधानमंत्री मोदी ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस से बात कर की ईरानी हमलों की निंदा
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात की और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सऊदी के क्षेत्रीय ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हुए ईरानी हमलों की निंदा की और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने और उसकी सुरक्षा को जरूरी बताया। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर बताया कि उन्होंने सऊदी में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा के लिए उनके समर्थन पर धन्यवान ज्ञापित किया है।
बयान
प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, 'सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात की और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर चर्चा की। मैंने क्षेत्रीय ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की भारत की निंदा को दोहराया। हम इस बात पर सहमत हुए कि नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना, शिपिंग लाइनों को खुला और सुरक्षित रखना आवश्यक है। सऊदी अरब में भारतीयों के कल्याण के लिए उनके निरंतर समर्थन हेतु मैंने धन्यवाद दिया।'
चर्चा
कई देशों से बात कर चुके हैं प्रधानमंत्री मोदी
पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी ईरान, अमेरिका और इजरायल समेत खाड़ी देशों के कई राष्ट्राध्यक्षों से बात कर चुके हैं। उन्होंने सभी से बातचीत में शांति और तनाव कम करने का आग्रह किया है और मौजूदा संघर्ष को बातचीत और कूटनीति के जरिए हल करने का सुझाव दिया है। बता दें कि पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता करा रहा है, जिसके लिए इस्लामाबाद में बैठक तय की गई है।