LOADING...
प्रधानमंत्री मोदी ने ओमान और कुवैत के प्रमुखों से बात की, जानिए क्या कहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओमान और कुवैत के प्रमुखों से बात की

प्रधानमंत्री मोदी ने ओमान और कुवैत के प्रमुखों से बात की, जानिए क्या कहा

लेखन गजेंद्र
Mar 03, 2026
09:32 pm

क्या है खबर?

मध्य पूर्व में तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ओमान और कुवैत के प्रमुखों से फोन पर बात की और खाड़ी देशों पर हुए हमलों को लेकर चिंता जताई है। मोदी ने ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक और कुवैत के युवराज शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से फोन पर बातचीत की थी। मोदी ने दोनों देशों से बातचीत में वहां रहने वाले भारतीयों के कल्याण और सुरक्षा पर चर्चा की है।

बयान

व्यापारिक जहाजों पर हमलों का कड़ा विरोध

विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर मंगलवार को ईरान और खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष को लेकर चिंता जताई। उसने कहा कि दुर्भाग्य से, रमजान के पवित्र महीने में इस क्षेत्र की स्थिति लगातार और गंभीर होती जा रही है। मंत्रालय ने कहा कि संघर्ष का अन्य देशों में भी प्रसार हुआ है, जिससे विनाश और मौतों की संख्या बढ़ती जा रही है, जबकि सामान्य जीवन और आर्थिक गतिविधियां ठप हैं। उन्होंने व्यापारिक जहाजों पर हमलों का कड़ा विरोध किया है।

चिंता

भारतीय नागरिकों को लेकर चिंता

मंत्रालय ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में लगभग एक करोड़ भारतीय नागरिक रहते और काम करते हैं, जिनकी सुरक्षा और कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंत्रालय ने कहा कि भारत का व्यापार-ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाएं इसी भौगोलिक क्षेत्र से गुजरती हैं और किसी बड़े व्यवधान का भारतीय अर्थव्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। ऐसे में भारत बेखबर नहीं रह सकता। मंत्रालय ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में ऐसे हमलों में कई भारतीय अपनी जान गंवा चुके हैं या लापता हैं।

Advertisement

संवाद

कूटनीति और संवाद को दोहराया

मंत्रालय ने घटना को लेकर संवाद और कूटनीति के लिए अपने आह्वान को दोहराया। संघर्ष में हुई मौतों पर दुख जताते हुए मंत्रालय ने कहा कि प्रभावित देशों में भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास भारतीय नागरिकों और सामुदायिक संगठनों के साथ लगातार संपर्क में हैं और हरसंभव सहायता जारी है। मंत्रालय ने कहा कि भारत बदलती स्थिति पर बारीकी से नजर रखना जारी रखेगी और राष्ट्रीय हित में प्रासंगिक निर्णय लेगा।

Advertisement

जानकारी

अब तक इन देशों से बात कर चुके हैं प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी 28 फरवरी से मध्य पूर्व में संघर्ष शुरू होने के बाद पिछले 48 घंटे में कई देशों के प्रमुखों से बात कर चुके हैं। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात, इजरायल, सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, ओमान, कुवैत और कतर के नेताओं से बात की है।

Advertisement