जालंधर में प्रधानमंत्री मोदी का 5,470 करोड़ का 'महा-प्रोजेक्ट', रेलवे का कायापलट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जालंधर पहुंचेंगे, जहां वे 5,470 करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ करेंगे। इन प्रोजेक्ट्स में ऐतिहासिक जालंधर छावनी रेलवे स्टेशन का कायाकल्प और कई नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत मुख्य रूप से शामिल है।
प्रधानमंत्री मोदी 75 अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री मोदी ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत अपग्रेड किए गए 75 रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे। इनमें पंजाब के 4 स्टेशन शामिल हैं - जालंधर छावनी, मोहाली, मुक्तसर और आनंदपुर साहिब।
वे इस मौके पर दो नई ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। पहली ट्रेन कार्टोली-अंबाला के बीच चलेगी, जिससे क्षेत्रीय यात्रा और सुविधाजनक हो जाएगी। दूसरी ट्रेन छेहरटा-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस होगी, जिसे गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व से पहले रविदासिया समाज के लिए शुरू किया जा रहा है।
इसके साथ ही, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाली एक नई रेल लाइन दौलतपुर चौक-कार्टोली भी राष्ट्र को समर्पित की जाएगी। इस लाइन से धार्मिक स्थलों तक पहुंचना और भी आसान हो जाएगा।