
प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, 'हमारे प्रिय पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि। डॉ कलाम को एक प्रेरक दूरदर्शी, उत्कृष्ट वैज्ञानिक, मार्गदर्शक और महान देशभक्त के रूप में याद किया जाता है।' बता दें कि डॉ कलाम का 27 जुलाई, 2015 को एक कार्यक्रम के दौरान निधन हो गया था।
कार्यकाल
कैसा रहा था राष्ट्रपति कलाम का कार्यकाल?
डॉ कलाम ने 2002 से 2007 तक भारत के 11वें राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया, जिसमें उन्हें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के साथ ही विपक्षी दलों का भी समर्थन प्राप्त था। उनके राष्ट्रपति कार्यकाल की विशेषता एक निष्पक्ष दृष्टिकोण थी, जिसमें युवा सशक्तिकरण और नवाचार पर विशेष ध्यान दिया गया था। वे 'जनता के राष्ट्रपति' के रूप में लोकप्रिय थे। विज्ञान के क्षेत्र में किए गए उनके कार्यों को आज भी याद किया जाता है।
योगदान
विज्ञान और साहित्य के क्षेत्र में डॉ कलाम का योगदान
डॉ कलाम ने भारत के परमाणु हथियार कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी 1998 में पोखरण में किए गए परमाणु परीक्षणों में भी अहम भूमिका रही थी। राष्ट्रपति पद के बाद वे शिक्षा जगत और सार्वजनिक सेवा में सक्रिय रहे और उन्होंने 'विंग्स ऑफ फायर' और 'इग्नाइटेड माइंड्स' जैसी प्रभावशाली पुस्तकें भी लिखीं। साल 2015 में आज ही के दिन IIM शिलांग में एक व्याख्यान देते समय उनका निधन हो गया।