प्रधानमंत्री मोदी ने SPG को काफिला आधा करने को कहा, इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने पर दिया जोर
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईंधन बचत को लेकर बड़ा आदेश दिया है। उन्होंने अपनी सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल (SPG) को अपने काफिले में कारों की संख्या घटाने को कहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की है। हालांकि, अतिरिक्त खर्च से बचने के लिए नए वाहन खरीदने से मना कर दिया है। इस कदम का उद्देश्य लोगों को प्रेरित करना है।
सुरक्षा
SPG ने 'ब्लू बुक' देखना शुरू किया
रिपोर्ट के मुताबिक, SPG ने निर्देश का पालन करना शुरू कर दिया है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि 'ब्लू बुक' में निर्धारित अनिवार्य सुरक्षा दिशानिर्देशों से कोई समझौता न हो। इससे पहले, सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक में अनावश्यक यात्राओं में कटौती करके ईंधन की खपत को कम करने के मुद्दे पर चर्चा की गई थी। कई प्रदेशों में सरकारें इस पर काम करने लगी हैं।
अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने क्या की थी अपील
मोदी ने रविवार को तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित भाजपा की रैली में कहा, "आज जो संकट है, उसमें हमें विदेशी मुद्रा बचाने पर भी बहुत जोर देना होगा। इसलिए हम सबका दायित्व है कि पेट्रोल-डीजल की खरीद पर जो विदेशी मुद्रा खर्च होती है, पेट्रोल-डीजल बचाकर हमें वो मुद्रा भी बचानी है।" मोदी ने लोगों से एक साल तक विदेश न जाने और पारिवारिक कार्यक्रम के लिए सोना न खरीदने की अपील की थी।