LOADING...
प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों से की मुलाकात, 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस में 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों से की मुलाकात, 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन किया

लेखन आबिद खान
Jun 14, 2026
03:58 pm

क्या है खबर?

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में प्रमुख स्टार्टअप्स, निवेशक और टेक्नोलॉजी से जुड़े लोग एक साथ आएंगे ताकि सहयोग, निवेश और इनोवेशन के नए मौकों पर चर्चा की जा सके। इस दौरान प्रधानमंत्री ने निवेशकों से भारत का रुख करने का आग्रह किया।

मोदी का बयान

प्रधानमंत्री ने कहा- भारत और फ्रांस के रिश्ते साझा सोच से प्रेरित

प्रधानमंत्री ने कहा, "दुनियाभर के देश एक-दूसरे के साथ व्यापार करते हैं और रणनीतिक साझेदारियां करते हैं। लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जो आपसी हितों के अलावा, एक साझा सोच से प्रेरित होते हैं। भारत-फ्रांस के रिश्ते ऐसे ही हैं। भारत-फ्रांस के बीच खास साझेदारी है; इसमें जुड़ाव, पक्का इरादा, इनोवेशन, प्रेरणा और साझा विजन शामिल है। पिछले 12 सालों में भारत ने मजबूत इनोवेशन सिस्टम बनाया है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम है।"

मैक्रों का बयान

मैक्रों बोले- हमें सालों से भारत की रणनीति में विश्वास

मैक्रों ने कहा, "आपकी इनोवेशन क्षमता और 'भारत इनोवेट्स' का फ्रांस की टेक इंडस्ट्री, 'चूज फ्रांस' और 'फ्रांस 2030' के साथ मिलन हो रहा है। मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं कि 10 से ज्यादा सालों से फ्रांस आपकी रणनीति में विश्वास करता है। 'मेक इन इंडिया' का हम सम्मान करते हैं और हम इसका हिस्सा हैं। 10 सालों से हम सुरक्षा, रक्षा, इनोवेशन और कई अन्य क्षेत्रों में इंडस्ट्रियल नजरिए से विकास कर रहे हैं।"

Advertisement

बयान

पीयूष गोयल बोले- भारत-फ्रांस इनोवेटिन दुनिया की साझा सोच दोहरा रहे

'भारत इनोवेट्स' के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री मोदी ने पेरिस में AI एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता की। फरवरी 2026 में जब भारत ने AI इम्पैक्ट समिट की मेजबानी की, तो राष्ट्रपति मैक्रों हमारे साथ खड़े थे। आज ये दोनों नेता नीस के खूबसूरत शहर में फिर से मिल रहे हैं और एक ज्यादा समावेशी और इनोवेटिव दुनिया के लिए अपनी साझा सोच को दोहरा रहे हैं।"

Advertisement

दौरा

6 दिवसीय फ्रांस और स्लोवाकिया दौरे पर हैं प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी 6 दिवसीय यूरोप दौरे पर हैं। वे 14 से 16 जून तक स्लोवाकिया की यात्रा करेंगे। वहां वे अपने समकक्ष रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ये पहली स्लोवकिया यात्रा होगी। प्रधानमंत्री 16-17 जून को फ्रांस के एवियन में G-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। 18 जून को वे पेरिस में यूरोप के सबसे बड़े प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप कार्यक्रम विवाटेक में शामिल होंगे।

Advertisement