अजिंक्य रहाणे के टेस्ट क्रिकेट के ऐसे रिकॉर्ड्स, जिसके बारे में आप शायद ही जानते होंगे
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख बल्लेबाज रहे अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया है। वह लंबे से टीम से बाहर चल रहे थे। उन्होंने 2011 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी और 2023 में वह आखिरी बार भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आए थे। रहाणे ने भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए टेस्ट में कुछ यादगार जीत भी दिलाई हैं। आइए उनके द्वारा टेस्ट में बनाए गए रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
शतक
रहाणे के शतक जड़ने और उनकी कप्तानी में भारत नहीं हारा कोई टेस्ट मैच
रहाणे ने अपने टेस्ट करियर में 12 शतक लगाए थे। इन मैचों में कभी भारतीय टीम नहीं हारी।
रहाणे ने 6 टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी की, जिसमें 4 में जीत मिली और 2 मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए।
उनके नेतृत्व में खेलते हुए भारत ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेली गई बॉर्डर-गावस्कर सीरीज 2020-21 को जीता था।
ऐसे में उनका बतौर बल्लेबाज शतक लगाना या कप्तानी करना टीम के लिए हमेशा अच्छा रहा।
शतक
2 बार बॉक्सिंग-डे टेस्ट में लगा चुके थे शतक
रहाणे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बने थे। उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नॉर्थ साउंड में खेले गए टेस्ट में 102 रन की पारी खेली थी।
रहाणे ने 2014 में मेलबर्न में खेले गए बॉक्सिंग-डे टेस्ट में शतक लगाया था। उन्होंने 2020 में भारत की कप्तानी करते हुए बॉक्सिंग-डे टेस्ट में फिर शतकीय पारी खेली थी।
वह बतौर कप्तान के साथ-साथ बतौर बल्लेबाज बॉक्सिंग-डे टेस्ट में शतक लगाने वाले इकलौते भारतीय हैं।
कैच
एक टेस्ट में सर्वाधिक कैच पकड़ने वाले भारतीय हैं रहाणे
रहाणे ने 2015 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए टेस्ट में कुल 8 कैच लपके थे।
उन्होंने श्रीलंका की पहली पारी में 3 और दूसरी पारी में 5 कैच पकड़े थे। उनकी उम्दा फील्डिंग के बावजूद भारतीय टीम को उस मैच में हार झेलनी पड़ी थी।
रहाणे एक टेस्ट मैच में सर्वाधिक कैच पकड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी (विकेटकीपर को छोड़कर) हैं।
अपने टेस्ट करियर में उन्होंने कुल 102 कैच पकड़े थे।
रिकॉर्ड
नंबर-5 या निचले क्रम में खेलते हुए दोनों पारियों में शतक
रहाणे ने 2015 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ दिल्ली टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाए थे।
उन्होंने पहली पारी में नंबर-5 पर खेलते हुए 127 रन और दूसरी पारी में नंबर-6 पर खेलते हुए नाबाद 100 रन बनाए थे।
भारत ने उस मैच को 337 रन से जीता था।
रहाणे नंबर-5 या उससे निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले एकमात्र भारतीय हैं।