Page Loader
प्रधानमंत्री ने आंध्रप्रदेश में 2 लाख करोड़ की परियोजनाएं शुरू कीं, विशाखापट्टनम में किया रोड शो
प्रधानमंत्री ने विशाखापट्टनम में रोड शो किया

प्रधानमंत्री ने आंध्रप्रदेश में 2 लाख करोड़ की परियोजनाएं शुरू कीं, विशाखापट्टनम में किया रोड शो

लेखन आबिद खान
Jan 08, 2025
08:13 pm

क्या है खबर?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 दिवसीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा दौरे पर हैं। आज यानी 8 जनवरी को उन्होंने विशाखापट्टनम में सिरीपुरम जंक्शन से आंध्र विश्वविद्यालय मैदान तक रोड शो किया। इस दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी मौजूद रहे। रोड शो के दौरान लोग प्रधानमंत्री का अभिवादन करते दिखाई दिए। इसके बाद प्रधानमंत्री ने राज्य में 2 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की।

बयान

प्रधानमंत्री बोले-  आंध्र प्रदेश का विकास हमारा विजन

प्रधानमंत्री ने कहा, "आंध्र प्रदेश संभावनाओं और अवसरों का राज्य है। आंध्र का विकास हमारा विजन है और लोगों की सेवा करना हमारा संकल्प। आंध्र प्रदेश ने 2047 तक लगभग 2.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा है। इस विजन को साकार करने के लिए चंद्रबाबू नायडू की सरकार ने 'स्वर्ण आंध्र-2047' पहल शुरू की है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र की सरकार आंध्र प्रदेश के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है।"

परियोजनाएं 

इन परियोजनाओं का हुआ शुभारंभ

प्रधानमंत्री ने विशाखापट्टनम के पास पुडीमडका में बन रहे ग्रीन हाइड्रोजन हब परियोजना की नींव रखी। इसके अलावा विशाखापट्टनम में दक्षिण तटीय रेलवे मुख्यालय, अनकापल्ली जिले के नक्कापल्ली में बल्क ड्रग पार्क, तिरुपति जिले में चेन्नई बेंगलुरु औद्योगिक गलियारे के तहत कृष्णपत्तनम औद्योगिक क्षेत्र और 300 एकड़ में 25 औद्योगिक निर्माण यूनिट जैसी परियोजनाओं की नींव रखी। साथ ही कई सड़कें, औद्योगिक केंद्र, पोर्ट और रसायन स्टोरेज जैसी परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।

ग्रीन हाइड्रोजन परियोजना 

1.85 लाख करोड़ रुपये की है ग्रीन हाइड्रोजन हब परियोजना

ग्रीन हाइड्रोजन हब परियोजना को गंगावरम पोर्ट के पास लगभग 1,200 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा, जिस पर 1.85 लाख करोड़ रुपये का खर्च होगा। इसका उद्देश्य 20 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा विकसित करना है। यहां रोज 1,500 टन ग्रीन हाइड्रोजन का उत्पादन होगा। इसके अलावा ग्रीन अमोनिया, ग्रीन मेथनॉल और यूरिया समेत कई ग्रीन रसायनों का उत्पादन भी किया जाएगा। इससे अगले कुछ सालों में 57,000 लोगों को नौकरी मिलने की उम्मीद है।

पहला दौरा 

तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद पहला दौरा

आंध्र प्रदेश में भाजपा, तेलुगु देशम पार्टी (TDP) और जनसेना पार्टी की गठबंधन सरकार है। 2024 के विधानसभा चुनावों में TDP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, जिसे 135 सीटें मिली थीं। इसके बाद जनसेना पार्टी को 21 और भाजपा को 8 पर जीत मिली थी। यहां बहुमत का आंकड़ा 88 है। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का ये पहला आंध्र प्रदेश दौरा है। कल प्रधानमंत्री ओडिशा जाएंगे।