प्रधानमंत्री ने किया नमो भारत और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन, 55 मिनट में होगा दिल्ली-मेरठ का सफर
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से मेरठ के बीच चलने वाली नमो भारत ट्रेन (RRTS) और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया है। उन्होंने मेरठ के शताब्दी नगर स्टेशन से दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। करीब 30,274 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई RRTS परियोजना से दिल्ली और मेरठ के बीच का सफर केवल 55 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
बयान
प्रधानमंत्री बोले- अब परियोजनाएं लटकी नहीं रहती हैं
प्रधानमंत्री ने कहा, "आज पहली बार एक ही मंच से नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का एक ही दिन शुभारंभ हो रहा है। विकसित भारत की कनेक्टिविटी कैसी होगी ये उसकी एक शानदार झांकी है। ये कार्यक्रम भाजपा की डबल इंजन सरकार की कार्य संस्कृति को भी दिखाता है। अब परियोजनाएं पहले की तरह लटकती भटकती नहीं हैं। नमो भारत और मेट्रो के शिलान्यास का मौका मुझे मिला था और इसका लोकार्पण भी मैं ही कर रहा हूं।"
ट्विटर पोस्ट
प्रधानमंत्री ने मेट्रो में सफर भी किया
Meerut, Uttar Pradesh: Prime Minister Narendra Modi traveled on the metro from Shatabdi Nagar Namo Bharat Station to Meerut South Station after flagging off the Meerut Metro and Namo Bharat train. pic.twitter.com/5UyeHaQ4e8
— IANS (@ians_india) February 22, 2026
रेल
मेरठ-दिल्ली RRTS के बारे में जानिए
दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक 82.15 किलोमीटर लंबा ट्रैक। 14 किलोमीटर हिस्सा दिल्ली और 68 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में। फिलहाल साहिबाबाद से मेरठ दक्षिण के बीच 55 किलोमीटर के हिस्से में हो रहा संचालन। कुल 16 स्टेशन हैं। सराय काले खां इस परियोजना का सबसे बड़ा स्टेशन है, जहां पर 3 लाइन है। 70 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड और 12 किलोमीटर अंडरग्राउंड। मेरठ मेट्रो और नमो भारत के लिए एक ही ट्रैक।
मेट्रो
अब मेरठ मेट्रो के बारे में जानिए
120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ ये देश की सबसे तेज मेट्रो है। 23 किलोमीटर लंबा रूट का 18 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड और 5 किलोमीटर भूमिगत है। हर ट्रेन में 173 सीटों वाले 3 कोच हैं। एक बार में 700 यात्री सफर कर सकते हैं। आरामदायक सीटें, आपातकालीन अलार्म, अग्निशमन यंत्र जैसी सुविधाएं हैं। संचालन सोमवार से शनिवार सुबह 6 से रात 10 बजे तक और रविवार को सुबह 8 से रात 10 बजे तक होगा।
खासियत
क्या हैं नमो भारत ट्रेन की खासियत?
इस ट्रेन को टक्कर रोधी 'कवच' जैसी उन्नत सुरक्षा प्रणाली से सुसज्जित किया गया है। जिससे आपात स्थिति में ट्रेन में स्वचालित ब्रेक लगेंगे। इसके सभी कोच वातानुकूलित होंगे, जिनमें केंद्रीकृत नियंत्रित स्वचालित स्लाइडिंग दरवाजे, मॉड्यूलर इंटीरियर, निरंतर LED लाइटिंग, वैक्यूम निकासी के साथ शौचालय, रूट मैप इंडिकेटर, पैनोरमिक विंडो, CCTV और फोन चार्जिंग सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा इसमें अलार्म सिस्टम और एरोसोल-आधारित अग्निशामक प्रणाली के साथ स्वचालित धुआं या आग का पता लगाने की सुविधा भी दी गई है।