प्रधानमंत्री मोदी ने आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी, कहा- मुझे हाथ पकड़कर राजनीति सिखाई
क्या है खबर?
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का आज 99वां जन्मदिन है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें विशेष लेख के जरिए शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने आडवाणी के जीवन संघर्ष, राजनीतिक सफर और उनके साथ साझा किए गए पलों को याद किया है। उन्होंने आपातकाल, गुजरात में साथ बिताए वक्त और बतौर उपप्रधानमंत्री और गृह मंत्री आडवाणी के कार्यकाल की उपलब्धियों को भी सामने रखा है।
टिप्पणी
प्रधानमंत्री बोले- आडवाणी मेरे लिए अभिभावक जैसे
प्रधानमंत्री ने कहा, "आज का ये अवसर मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत भावुक कर देने वाला है। मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे हमेशा आडवाणी जी का स्नेह, सान्निध्य और मार्गदर्शन मिलता रहा है। आज उनके साथ बिताए हुए अनगिनत पल, उनसे जुड़ी कितनी ही स्मृतियां मन में उमड़ रही हैं। धीरे-धीरे हमारे संबंध इतना आत्मीय हो गए कि वे मेरे लिए अभिभावक की तरह बन गए। उन्होंने मेरा हाथ थामकर मुझे राजनीति की बारीकियां सिखाईं।"
विशेषता
प्रधानमंत्री ने बताई आडवाणी के व्यक्तित्व की विशेषताएं
प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं आडवाणी जी के व्यक्तित्व की 2 ऐसी विशेषताओं का उल्लेख करना चाहूंगा, जो एक नेता के रूप में उन्हें अलग पहचान देती हैं। पहली है, उनकी वैचारिक स्पष्टता और बौद्धिक प्रखरता। उनके भाषणों और लेखन में इसकी झलक साफ दिखाई देती थी। दूसरी विशेषता थी, भारतीय राजनीति में लंबे समय तक हावी रही छद्म धर्मनिरपेक्षता को लेकर उनका स्पष्ट और निर्भीक रुख। उन्होंने देश के राजनीतिक विमर्श में इस प्रवृत्ति की वास्तविकता को उजागर किया।"